નિબંધ

11. मेरी प्रिय पुस्तक

हिंदी Std 6-12
પ્રશ્ન / વિષયવસ્તુ:
11. मेरी प्रिय पुस्तक

पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ मुझे अन्य पुस्तकें पढ़ने का भी बहुत शौक है। मैं अपने विद्यालय के पुस्तकालय से कई अच्छी पुस्तके लाकर पढ़ता रहता है। इनमें से मुझे गांधीजी की आत्मकथा सबसे अधिक प्रिय है।गांधीजी ने यह पुस्तक अपनी मातृभाषा गुजराती में लिखी है। इसका नाम है ‘सत्य ना प्रयोगो’। हिन्दी, मराठी और अंग्रेज़ी में भी इसका अनुवाद हुआ है। हिन्दी में इसका नाम ‘सत्य के प्रयोग’, मराठी में ‘सत्याचे प्रयोग’ तथा अंग्रेज़ी में ‘एक्स्पेरिमेंट आफ टुथ’ है। भारत की अन्य भाषाओं में भी इसके अनुवाद हुए हैं। गांधीजी अपने जीवन में सत्य को सबसे अधिक महत्त्व देते थे। इसीलिए उन्होंने अपनी आत्मकथा को यह नाम दिया है। ‘सत्य के प्रयोग’ में गांधीजी ने अपनी कमियों एवं बुराइयों का खुलकर वर्णन किया है। उन्होंने धूमपान, मांसाहार व चोरी करने तथा अपनी अन्य बुराइयों के बारे में कुछ भी नहीं छिपाया। हर जगह उन्होंने अपनी गलतियों का स्वीकार किया है। उन्होंने यह भी बताया है कि किस प्रकार वे इन बुराइयों के चक्कर में फंसे और कैसे उन्होंने इनसे छुटकारा पाया। इसके अलावा इस पुस्तक में गांधीजी ने अपनी शिक्षा, विलायत-यात्रा, वकालत, दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह तथा भारत के स्वतंत्रता आंदोलनों की विस्तृत चर्चा की है। गांधीजी के जीवन की विभिन्न घटनाएं हमें सदा प्रेरणा देती रहती हैं। इनसे हमें सीख मिलती है कि एक साधारण व्यक्ति भी किस तरह इतना महान बन सकता है। गांधीजी अपनी सच्चाई, लगन, ईमानदारी और आत्मबल से हमारे देश के महान नेता और युगपुरुष बन गए। इन्हीं गुणों के कारण आज हम उन्हें ‘राष्ट्रपिता’ के रूप में याद करते हैं। इस पुस्तक की भाषा बहुत सरल और हृदय को छूनेवाली है। इसकी शैली भी बहुत रोचक है। इस पुस्तक को पढ़ने से पाठक के हृदय में सत्य, अहिंसा, प्रेम, आत्मविश्वास तथा मानव-सेवा के भाव जागृत होते हैं। गांधीजी की आत्मकथा पढ़कर मुझे बहुत लाभ हुआ है। इसके प्रभाव से मैंने कई बुरी आदतों से छुटकारा पाया है।मेरी तरह कई लोगों ने गांधीजी की आत्मकथा पढ़कर अपने जीवन की राह बदल डाली है। हमारे देश में समाजसुधार और दलितोद्धार करने तथा शोषण के खिलाफ आवाज उठाने में यह पुस्तक काफी सहायक सिद्ध हुई है। यह पुस्तक मेरी मित्र, गुरु और मार्गदर्शक बन गई है।

મિત્રો સાથે શેર કરો:

શાળા મિત્ર • https://shalamitra.in