मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

म्युचुअल फंड में निवेश की शुरुआत कैसे करें? SIP, सही स्कीम और जोखिम समझने की पूरी गाइड

अगर आप म्युचुअल फंड में नए हैं, तो 2 से 3 स्कीम्स से शुरुआत करना आसान हो सकता है। इससे अलग-अलग कैटेगरी के फंड के प्रदर्शन को समझने और अपने निवेश को ट्रैक करने में आसानी रहती है

mutual funds

फोटो क्रेडिट: Shutterstock

Last Updated: अक्टूबर 1, 2026 | 4:01 PM IST

म्युचुअल फंड एक ऐसा आसान तरीका है, जिससे आप खुद अलग-अलग शेयर या बॉन्ड चुने बिना अपने लंबे समय के लक्ष्यों के लिए निवेश कर सकते हैं। इसमें कई निवेशकों का पैसा एक साथ जमा किया जाता है और एक पेशेवर फंड मैनेजर इस पैसे को अलग-अलग निवेश विकल्पों वाले पोर्टफोलियो में लगाता है। आप ऐसे फंड चुन सकते हैं जो मुख्य रूप से इक्विटी यानी शेयरों, डेट यानी बॉन्ड या दोनों के मिश्रण में निवेश करते हैं। कुछ फंड सोने और चांदी जैसी कमोडिटी में भी निवेश का विकल्प देते हैं।

म्युचुअल फंड को अपेक्षाकृत आसानी से खरीदा और बेचा जा सकता है। इनमें सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए नियमित और अनुशासित तरीके से निवेश भी किया जा सकता है। SIP में आप एक तय रकम नियमित अंतराल पर निवेश करते हैं। भारत में म्युचुअल फंड भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के नियमन के तहत आते हैं।

म्युचुअल फंड में क्यों करें निवेश?

कम रकम से शुरुआत कर सकते हैं: म्युचुअल फंड में निवेश शुरू करने के लिए हमेशा बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती। कई फंड में 100 रुपये जैसी कम रकम से भी निवेश शुरू किया जा सकता है, जिससे नए निवेशकों के लिए शुरुआत करना आसान हो जाता है।

अलग-अलग जोखिम स्तर के विकल्प: म्युचुअल फंड में अलग-अलग जोखिम स्तर वाले विकल्प उपलब्ध होते हैं। आप अपेक्षाकृत कम जोखिम वाले डेट फंड से लेकर ज्यादा जोखिम वाले इक्विटी फंड तक, अपनी जोखिम लेने की क्षमता के हिसाब से विकल्प चुन सकते हैं। हाइब्रिड फंड एक ही पोर्टफोलियो में इक्विटी और डेट जैसी अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश करते हैं।

लिक्विडिटी: जरूरत पड़ने पर म्युचुअल फंड की यूनिट्स को भुनाकर पैसा निकाला जा सकता है। इक्विटी आधारित फंड में रकम आमतौर पर ट्रेड डेट के बाद तीसरे दिन (T+3) के आधार पर खाते में जमा होती है। वहीं, डेट आधारित फंड में आमतौर पर ट्रेड डेट के बाद एक दिन (T+1) के आधार पर भुगतान किया जाता है।

निवेश से पहले जानें ये जरूरी बातें

किसी म्युचुअल फंड स्कीम को चुनने से पहले कुछ जरूरी बातों पर ध्यान देना चाहिए। इससे आपको अपने लक्ष्य, जोखिम और निवेश की अवधि के हिसाब से सही स्कीम समझने में मदद मिल सकती है।

अपने लक्ष्य से शुरुआत करें: सबसे पहले यह तय करें कि आप किस लक्ष्य के लिए निवेश कर रहे हैं। यह बच्चों की शिक्षा, रिटायरमेंट या घर खरीदने जैसा कोई लक्ष्य हो सकता है। आपके लक्ष्य और उसे पूरा करने की समयसीमा के आधार पर ही निवेश का विकल्प चुनना चाहिए।

अपनी जोखिम लेने की क्षमता समझें: निवेश करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप कितना जोखिम उठा सकते हैं। इसके लिए अपनी उम्र, आय की स्थिरता, मौजूदा बचत और यह देखना चाहिए कि आप कितने समय तक निवेश में बने रह सकते हैं।

लक्ष्य के हिसाब से फंड चुनें: आपके निवेश का समय जितना कम होगा, आमतौर पर उतने कम जोखिम वाले विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। वहीं, लंबे समय वाले लक्ष्यों के लिए इक्विटी में ज्यादा निवेश वाले फंड पर विचार किया जा सकता है।

हाल के रिटर्न से आगे देखें: सिर्फ हाल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले फंड को देखकर निवेश का फैसला न करें। अलग-अलग बाजार चक्रों में फंड के लंबे समय के प्रदर्शन को देखें और रिटर्न के साथ उसके जोखिम पर भी ध्यान दें। अगर आपको फैसला लेने में परेशानी हो रही है, तो पेशेवर सलाह लेने पर विचार कर सकते हैं।

लागत को समझें: फंड चुनते समय एक्सपेंस रेशियो और दूसरे शुल्कों की जानकारी जरूर देखें। निवेश की लागत समय के साथ आपके कुल रिटर्न को प्रभावित कर सकती है।

लेनदेन की प्रक्रिया जांचें: निवेश करने से पहले यह समझ लें कि आप फंड को कैसे खरीदेंगे, अपने निवेश को कैसे ट्रैक करेंगे और जरूरत पड़ने पर उसे कैसे निकालेंगे। यह पूरी प्रक्रिया आपके लिए आसान और सुविधाजनक होनी चाहिए।

स्कीम से जुड़े दस्तावेज पढ़ें: किसी भी म्युचुअल फंड में निवेश करने से पहले स्कीम से जुड़े दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। म्युचुअल फंड बाजार जोखिम के अधीन होते हैं, इसलिए निवेश से पहले योजना से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी समझना महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें: स्मॉल-मिड कैप फंड्स में बरसा पैसा, AUM ₹10 लाख करोड़ के पार, कब ज्यादा पैसा बन सकता है चुनौती?

म्युचुअल फंड के प्रकार समझें

इक्विटी फंड: ये फंड मुख्य रूप से शेयरों में निवेश करते हैं। इनका रिटर्न शेयर बाजार के प्रदर्शन से जुड़ा होता है, इसलिए इनमें बाजार के उतार चढ़ाव का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

डेट फंड: ये फंड मुख्य रूप से बॉन्ड, डिबेंचर और अन्य डेट सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं। इनका प्रदर्शन ब्याज दरों और डेट बाजार में होने वाले बदलावों से प्रभावित हो सकता है।

हाइब्रिड फंड: ये फंड एक ही पोर्टफोलियो में इक्विटी और डेट दोनों में निवेश करते हैं। कुछ हाइब्रिड फंड सोने जैसी दूसरी एसेट क्लास में भी निवेश कर सकते हैं।

इंडेक्स फंड: ये फंड किसी खास बाजार सूचकांक को ट्रैक करते हैं। इनका उद्देश्य उस इंडेक्स में शामिल सिक्योरिटीज के प्रदर्शन के अनुरूप रिटर्न देने की कोशिश करना होता है, न कि इंडेक्स को पीछे छोड़ना।

इक्विटी लिंक्ड सेविंग्स स्कीम (ELSS): ये इक्विटी आधारित म्युचुअल फंड होते हैं, जिनमें निवेश पर लागू टैक्स नियमों के तहत टैक्स से जुड़े लाभ मिल सकते हैं। इनमें निवेश करने से पहले संबंधित टैक्स नियमों और लॉक इन जैसी शर्तों को समझना जरूरी है।

निवेश के तरीकों के बारे में जानें

अगर आप म्युचुअल फंड में नए हैं, तो निवेश शुरू करने से पहले अलग-अलग तरीकों को समझना जरूरी है। इससे आपको अपनी जरूरत, लक्ष्य और निवेश की अवधि के हिसाब से तरीका चुनने में आसानी होगी।

एकमुश्त निवेश के बजाय SIP से शुरुआत करें: अगर आप हर महीने नियमित रकम निवेश करना चाहते हैं, तो SIP एक विकल्प हो सकता है। इसमें तय रकम नियमित अंतराल पर निवेश की जाती है, जिससे बाजार के अलग-अलग स्तरों पर निवेश करने में मदद मिलती है।

SIP की रकम को अपने लक्ष्य से जोड़ें: SIP शुरू करने से पहले अपने लक्ष्य और उसकी समयसीमा को ध्यान में रखें। इससे आपको यह तय करने में मदद मिलेगी कि लक्ष्य पूरा करने के लिए हर महीने कितनी रकम निवेश करनी चाहिए।

डायरेक्ट प्लान और रेगुलर प्लान को समझें: अगर आप खुद अपने निवेश का फैसला और प्रबंधन कर सकते हैं, तो डायरेक्ट प्लान एक विकल्प हो सकता है और इसकी लागत आमतौर पर कम होती है। वहीं, अगर आप डिस्ट्रीब्यूटर की मदद चाहते हैं, तो रेगुलर प्लान आपके लिए उपयुक्त हो सकता है।

डायवर्सिफाइड फंड से शुरुआत करें: नए निवेशक अलग-अलग एसेट या कंपनियों में निवेश करने वाले डायवर्सिफाइड फंड पर विचार कर सकते हैं। बैलेंस्ड एडवांटेज फंड या मल्टी एसेट फंड इक्विटी के साथ दूसरी एसेट क्लास में भी निवेश कर सकते हैं, जिससे पोर्टफोलियो में विविधता आती है।

हाल के टॉप परफॉर्मर के पीछे न भागें: सिर्फ हाल में ज्यादा रिटर्न देने वाले फंड को देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। ऐसे फंड के लंबे समय के प्रदर्शन को देखना बेहतर है, जिनका 15 से 20 साल का ट्रैक रिकॉर्ड रहा हो और जिन्होंने बाजार के अलग-अलग चक्र देखे हों।

सेक्टर और थीमैटिक फंड को लेकर सावधान रहें: ये फंड किसी खास सेक्टर या थीम से जुड़ी कंपनियों में निवेश करते हैं। इसलिए इनमें किसी खास सेक्टर या थीम के प्रदर्शन का ज्यादा असर पड़ सकता है और उतार चढ़ाव भी ज्यादा हो सकता है। ऐसे फंड आमतौर पर उन निवेशकों के लिए ज्यादा उपयुक्त हो सकते हैं जो इस तरह के जोखिम को समझते हैं।

शुरुआत में कितनी स्कीम्स में निवेश करें?

अगर आप म्युचुअल फंड में नए हैं, तो 2 से 3 स्कीम्स से शुरुआत करना आसान हो सकता है। इससे अलग-अलग कैटेगरी के फंड के प्रदर्शन को समझने और अपने निवेश को ट्रैक करने में आसानी रहती है। बहुत ज्यादा स्कीम्स में निवेश करने से एक जैसे फंड में ओवरलैप बढ़ सकता है, जिससे पोर्टफोलियो को मैनेज करना मुश्किल हो सकता है।

ये भी पढ़ें: म्युचुअल फंड में एग्जिट लोड क्या है, कब लगता है और टैक्स से कितना अलग है?

बुनियादी बातें जरूर समझें

म्युचुअल फंड में निवेश करने से पहले इसकी बुनियादी बातों को समझना जरूरी है। अगर आपको निवेश से जुड़ी चीजें समझने में मुश्किल हो रही है, तो पेशेवर सलाह लेने पर विचार कर सकते हैं। साथ ही, यह भी देखें कि आपके म्युचुअल फंड आपके पूरे एसेट एलोकेशन के हिसाब से हैं। यानी इक्विटी, डेट, गोल्ड और कैश जैसे अलग-अलग एसेट में आपका पैसा किस अनुपात में लगा है। एसेट एलोकेशन निवेश के नतीजों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों में से एक है।

FAQs/अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

ज्यादातर निवेशकों के लिए कितने फंड पर्याप्त हैं?
कई निवेशक 2 से 3 फंड से शुरुआत कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।

डायरेक्ट प्लान या रेगुलर प्लान में से किसे चुनना चाहिए?
अगर आप खुद निवेश संभाल सकते हैं तो डायरेक्ट प्लान ज्यादा लागत प्रभावी हो सकते हैं। वहीं, जो निवेशक डिस्ट्रीब्यूटर से पेशेवर मदद चाहते हैं, उनके लिए रेगुलर प्लान उपयुक्त हो सकते हैं।

SIP या एकमुश्त निवेश कब ज्यादा उपयोगी होता है?
नियमित मासिक निवेश के लिए SIP उपयोगी होता है। वहीं, बड़ी रकम निवेश करने या अपने एसेट एलोकेशन को दोबारा संतुलित करने के लिए एकमुश्त निवेश उपयोगी हो सकता है।

नेट एसेट वैल्यू (NAV) क्या है?
नेट एसेट वैल्यू यानी एनएवी वह कीमत है, जिस पर आप म्युचुअल फंड की यूनिट खरीदते या बेचते हैं। इसकी कैलकुलेशन  रोजाना की जाती है।

एक्सपेंस रेशियो क्या है?
एक्सपेंस रेशियो वह लागत है, जो फंड आपके निवेश को मैनेज करने के लिए लेता है। फंड अपनी वेबसाइट और स्कीम से जुड़े दस्तावेजों में इसकी जानकारी देते हैं।

निवेशक म्युचुअल फंड की जानकारी कहां से हासिल कर सकते हैं?
फंड की वेबसाइट के अलावा एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया यानी एम्फी की वेबसाइट पर भी म्युचुअल फंड से जुड़ी बुनियादी जानकारी उपलब्ध है।

Advertisement