मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

फ्लायदुबई के कॉकपिट में पायलट पर हमला, विमान सुरक्षा पर उठे सवाल; अब क्रू की जांच होगी सख्त?

Flydubai Cockpit Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की उड़ान में सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर हमला किया। घटना के बाद पायलटों की जांच और कॉकपिट सुरक्षा पर नए सवाल उठे हैं।

FlyDubai flight

फ्लायदुबई की इस उड़ान में इजरायल का कोई एयर मार्शल मौजूद नहीं था।

Last Updated: अक्टूबर 2, 2026 | 1:47 PM IST

Flydubai Cockpit Attack: फ्लायदुबई के एक विमान के कॉकपिट में को-पायलट द्वारा कथित तौर पर कैप्टन पर हमला करने की घटना ने दुनिया भर में विमान सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी तक एयरलाइंस का सबसे ज्यादा ध्यान यात्रियों और उनके सामान की जांच पर रहा है। लेकिन इस घटना ने दिखाया कि विमान के क्रू से पैदा होने वाले खतरे को रोकना भी उतना ही जरूरी है।

यह घटना बुधवार को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई। विमान में आठ क्रू सदस्यों समेत कुल 182 लोग सवार थे। आरोप है कि को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन पर हमला कर दिया। यात्रियों ने हस्तक्षेप कर संदिग्ध को काबू किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया गया।

कौन कर रहा घटना की जांच?

मामले की जांच सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इजरायल के अधिकारी कर रहे हैं। अमेरिका और ओमान भी जांच में सहायता कर रहे हैं। अधिकारी हमले के पीछे की वजह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

अभी तक सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कैप्टन पर हमला करने के लिए किस वस्तु का इस्तेमाल हुआ। यह भी पता नहीं चला है कि वह वस्तु विमान में बाहर से लाई गई थी या पहले से विमान के भीतर मौजूद थी।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक आम तौर पर उड़ान से पहले पायलट और दूसरे क्रू मेंबर्स की जांच भी यात्रियों जैसी होनी चाहिए। हालांकि, अलग-अलग देशों और एयरलाइंस में जांच के नियम एक जैसे नहीं हैं।

इजरायल ने कहां मानी सुरक्षा में कमी?

इजरायली अधिकारियों ने को-पायलट को ओमान का नागरिक बताया है। इजरायल और ओमान के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। इसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि को-पायलट को तेल अवीव जाने वाली उड़ान में काम करने की अनुमति कैसे मिली।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि विदेशी एयरलाइंस के साथ लंबे समय से ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत इजरायल से राजनयिक संबंध नहीं रखने वाले देशों के नागरिकों को वहां आने वाली उड़ानों में पायलट के रूप में काम करने से रोका जाता है। उन्होंने माना कि इस मामले में सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी रह गई थी।

इजरायल ने अब देश में आने वाली सभी उड़ानों के लिए सुरक्षा सावधानियां बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत विदेशी एयरलाइंस के पायलटों की पहचान और उनकी बैकग्राउंड की जांच ज्यादा सख्ती से की जाएगी।

विमान में एयर मार्शल क्यों नहीं था?

फ्लायदुबई की इस उड़ान में इजरायल का कोई एयर मार्शल मौजूद नहीं था। घटना के दौरान मदद करने वाले लोग आम यात्री थे। घायल कैप्टन हमले का मुकाबला करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों ने संदिग्ध को काबू किया और विमान में मौजूद फ्लायदुबई के दूसरे क्रू सदस्यों ने नियंत्रण संभालकर उसे सुरक्षित उतारा।

विमान की ओर से संकट और कथित अपहरण से जुड़े संकेत भी भेजे गए थे। एक व्यक्ति के मुताबिक क्रू सदस्य ने हवाई यातायात नियंत्रण से संपर्क कर कथित अपहरण की जानकारी दी और एम्बुलेंस की मांग की।

सऊदी अरब और जॉर्डन के अधिकारियों ने शुरुआत में विमान को उतरने की मंजूरी नहीं दी थी। बाद में क्रू सदस्य के समझाने पर विमान को सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति मिली।

सुरक्षित कॉकपिट ही कैसे बना खतरा?

अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए हमलों के बाद दुनिया भर के विमानों के कॉकपिट दरवाजों को ज्यादा मजबूत बनाया गया था। इन दरवाजों को इस तरह तैयार किया गया कि कोई यात्री जबरन अंदर न घुस सके।

इस व्यवस्था से बाहर से होने वाले हमले को रोकने में मदद मिली। लेकिन अगर खतरा कॉकपिट के अंदर मौजूद किसी पायलट या क्रू सदस्य से पैदा होता है तो यही मजबूत दरवाजा मदद पहुंचाने में रुकावट बन सकता है।

विमान सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था इस सोच पर तैयार की गई है कि खतरा यात्रियों की तरफ से आएगा। लेकिन फ्लायदुबई की घटना ने अंदरूनी खतरे की आशंका को सामने ला दिया है।

जांच में किन बातों पर रहेगा ध्यान?

जांच अधिकारी यह पता लगाएंगे कि क्या को-पायलट के व्यवहार को लेकर पहले कभी कोई शिकायत या चिंता सामने आई थी। अगर ऐसा हुआ था तो एयरलाइन ने उस पर क्या कार्रवाई की थी।

अलग-अलग एयरलाइंस अपने पायलटों की उड़ान के लिए शारीरिक और मानसिक योग्यता की जांच अलग-अलग समय पर करती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इस प्रक्रिया को ज्यादा नियमित और एक समान बनाने की जरूरत पड़ सकती है।

जांच में क्रू की पृष्ठभूमि, उड़ान से पहले हुई सुरक्षा जांच, संकट का संकेत मिलने के बाद अधिकारियों की प्रतिक्रिया और विमान को उतरने की अनुमति मिलने में लगे समय की भी समीक्षा हो सकती है। घटना के बाद पायलटों और क्रू सदस्यों की जांच के साथ कॉकपिट में प्रवेश से जुड़े नियमों में बदलाव की मांग तेज हो सकती है।

Advertisement